उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम, पहाड़ों में होगी बर्फबारी, भारी बारिश का अलर्ट जारी

Weather will change in Uttarakhand from today, there will be snowfall in the mountains, heavy rain

उत्तराखंड में आज से मौसम में बदलाव के आसार हैं। बुधवार और गुरुवार को 5 जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। प्रदेश में अब तक सूखी ठंड से जूझ रहे लोगों को बारिश और बर्फबारी के कारण मौसम में कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में आज से मौसम बदल सकता है। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। जिसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। बुधवार और गुरुवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बर्फबारी होने की संभावना है।

अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। हालांकि पिछले दिनों बारिश और बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक नहीं बैठा। आज और कल मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान एक बार फिर मौसम विभाग ने जारी किया है। लगभग ढाई महीने के बाद प्रदेश में बारिश के आसार बने हैं। इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है। देहरादून में मंगलवार को ठिठुरन भरी ठंड रही। जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप जारी रहा।

पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने लगे हैं। जिससे बारिश की संभावना भी दिख रही है। नवंबर महीने की शुरुआत से ही मौसम की बेरुखी बनी हुई है। नवंबर में हल्की बारिश हुई थी लेकिन तब से बारिश और बर्फबारी के लिए प्रदेश के लोग तरस गए हैं। मैदानी क्षेत्र में कोहरा और पहाड़ों में पाले ने लोगों की मुश्किल में बढ़ाई हुई है। देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.9 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 22.6 और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 14.0 और न्यूनतम तापमान 0. 6 डिग्री सेल्सियस रहा नहीं टिहरी में अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज और कल पर्वतीय क्षेत्र में भारी से भारी बारिश बर्फबारी की संभावना है। कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी भी है। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।