पलटन बाजार में वुमेन्स सिक्योरिटी टाइट, पिंक बूथ शुरू

– सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने किया पिंक बूथ का शुभारंभ

–  DM सविन बंसल ने इनिसीएटिव लेते हुए वर्षों पुरानी समस्या को झटके में किया हल 

– पुलिस विभाग को जारी की थी राशि, तत्काल उठाए गए कदम

जनपक्ष टुडे संवाददाता, देहरादून: राजधानी दून के दिल कहे जाने वाले घण्टाघर से लगे सबसे क्राउड वाले पलटन बाजार  में महिलाओं की सबसे बड़ी समस्या हल हो गई। अब महिलाओं को सुरक्षा को नहीं जूझना पड़ेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने पलटन बाजार जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर जो प्रतिबद्धता जताई थी, उसे पूरा कर दिया गया है। पलटन बाजार में गुरुवार को पिंक बूथ शुरू कर दिया गया है। पिंक बूथ में महिला फोर्स तैनात रहेगी, जो किसी भी वारदात पर तत्काल एक्शन लेंगी।

सिटी मजिस्ट्रेट ने रिबन काट किया पिंक बूथ का शुरू

गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बूथ का उद्घाटन किया। बूथ पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। बूथ का संचालन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे के बीच किया जाएगा। इसी दौरान बाजार में भीड़-भाड़ भी रहती है।

DM निर्देश पर 15 दिन में पिंक बूथ बनकर तैयार 

जिलाधिकारी ने कार्यभार सम्भालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के साथ पलटन बाजार का दौरा किया था। उस दौरान व्यापारियों ने महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाने की मांग की थी। जिलाधिकारी बंसल ने तत्काल बाजार में एक पिंक बूथ (महिला पुलिस बूथ) की स्थापना को हरी झंडी देते हुए पुलिस विभाग को अनटाइड फंड से 1.36 लाख रुपए जारी किए थे। धनराशि प्राप्त होने के बाद सीएनआइ चौक पर बूथ निर्माण का काम भी शुरू करा दिया गया था।

अब बाजार में बेखौफ घूम सकेंगी महिलाएं: प्रत्यूष सिंह
पलटन बाजार में पिंक बूथ का उद्घाटन करते सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने कहा कि लंबे समय से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पलटन बाजार के व्यापारी भी मांग कर रहे थे। पूर्व में यहां कई  घटनाएं भी हुई। जिसे जिलाधिकारी ने सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लेते हुए यहां पिंक महिला फोर्स का शुभारंभ करने के निर्देश दिए।

हाईटेक CCTV कैमरों से लैस होगा पलटन बाजार

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि पलटन बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने और किसी भी अपराध को रोकने और उसका पर्दाफाश करने के लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है। इसके लिए पुलिस से प्रस्ताव मांगा गया है।