– सड़कों के गड्ढे परखने सुबह 6 बजे सड़क पर उतरे लोनिवि सचिव
-सचिव पीडब्ल्यूडी पंकज पांडेय ने औचक निरीक्षण कर परखी सड़कों की हालत
– अधूरे कार्यों पर लगाई फटकार, बोले, गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जनपक्ष टुडे ब्यूरो, देहरादून: सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडेय शनिवार को सुबह-सुबह ही विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ सिटी के प्रमुख मार्गों व चौराहों का जायजा लेने निकले. इस दौरान उन्होंने चल रहे पैच वर्क और सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता को खुद देखा. उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि कागजी दावों के बजाय जमीन पर काम दिखना चाहिए. उन्होंने सड़कों पर अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई. उन्होंने रविवार तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए.

सचिव ने शहर की कई सड़कों का किया निरीक्षण
सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शनिवार तड़के 6 बजे निरीक्षण पर निकले सचिव पीडब्ल्यूडी पंकज कुमार पांडेय ने कई सड़कों का निरीक्षण किया. निरीक्षण की शुरुआत कालीदास रोड टर्न से हुई. इसके बाद सचिव ने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट सहित शहर के प्रमुख मार्गों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने सड़क सुधार कार्यों की प्रगति व मार्गों की स्थिति परखी.
गड्ढे भरने को दी 24 घंटे की मोहलत
इस दौरान सचिव को कुछ जगहों पर खामियां भी नजर आई. सचिव ने अधूरे काम व लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तय तय डेडलाइन 18 अक्टूबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. इससे पूर्व सीएम ने 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश थे. काम पूरा न होने पर सचिव ने फिर डेडलाइन तय की. साथ ही कार्रवाई को भी चेताया. निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्पष्ट किया कि सरकार ने प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 18 अक्टूबर की समयसीमा तय की है. उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि इस लक्ष्य को हासिल करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अधिकारी पूरी गंभीरता व प्रतिबद्धता के साथ चौबीसों घंटे काम में तेजी लाएं.
गुणवत्ता व रफ्तार पर विशेष जोर
सचिव पंकज कुमार पांडेय ने पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को निर्देश दिए कि कार्य की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए. सड़कों की मरम्मत इस तरह हो कि आगामी दिनों में जनता को सुगम व सुरक्षित यातायात मिल सके. अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि सड़क की गुणवत्ता से समझौता न हो.

निरिक्षण में ये अधिकारी रहे शामिल
निरीक्षण में अपर सचिव विनीत कुमार, चीफ इंजीनियर दयानंद, अधीक्षण अभियंता एसई ओपी सिंह व अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर, प्रवीण कुश, बीएन द्विवेदी, दीपक कुमार, विपुल सैनी व नीरज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे.