रुड़की में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, एक नर्सिंग होम और दो क्लीनिक स्टोर किया सील

रुड़की में स्वास्थ्य विभाग ने अनियमितताएं मिलने पर कई नर्सिंग होम को मौके पर सील करने की कावाई की.

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई नर्सिंग होम और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया गया. वहीं, अचानक हुई इस कार्रवाई से अन्य निजी अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया. दरअसल, ये कार्रवाई रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण कार्यालय के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर के निर्देशन में की गई.

दरअसल, निजी स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं और पंजीकरण संबंधी नियमों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बीते दिन रुड़की क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया. मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने रुड़की क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड तथा वास्तविक व्यवस्थाओं का जायजा लिया. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में विभाग को उपलब्ध कराई गई चिकित्सकों की सूची के अनुसार संबंधित चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले.

पंजीकरण के आधार पर संचालित होने वाले संस्थानों में नियमों का पालन, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी. अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
-राजेश कुंवर, एसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग-

विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और संस्थानों के संचालन से जुड़े मानकों की जांच की, इसके बाद नियमों के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए टीम ने तीन संस्थानों ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया गया. स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं, गुरुवार की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है.

माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभाग की टीम अन्य नर्सिंग होम, क्लीनिक और निजी स्वास्थ्य संस्थानों का भी निरीक्षण कर सकती है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग की गई इस कार्रवाई ने संचालकों को अपने रिकॉर्ड और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का साफ संदेश दे दिया है, निरीक्षण टीम में डॉ. राव, सहायक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी अंशु तोमर और जूनियर असिस्टेंट सोहेल शामिल रहे.