जनपक्ष टुडे संवाददाता, देवप्रयाग/ऋषिकेश। रविवार सुबह ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर एक कार दुर्घनाग्रस्त हो गई। कार में पांच लोग सवार थे। वे सभी देहरादून से खरीदारी कर चमोली जा रहे थे।
देवप्रयाग पुलिस के अनुसार सभी की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। इधर, बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के पहले दिन ही दर्दनाक हादसे की खबर ने सभी को दुुःखी कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को ऋषिकेश से चमोली जा रही एक कार तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य हैं। पुलिस और एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला।
तहसीलदार एमएस बर्थवाल ने बताया कि सुबह करीब सात बजे एक कार यूपी 15-डीएल-1061 तोताघाटी से आगे सफेद पहाड़ के पास गहरी खाई में गिरी दिखी। घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयोग तहसील प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ के टीम घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि कार में सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस और एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला। तहसीलदार ने बताया कि यह सभी ग्राम बाक तहसील थराली, चमोली के रहने वाले थे तथा शादी के सामान की खरीददारी कर ऋषिकेश से चमोली लौट रहे थे।
मृतकों के नाम
1. पिंकी (25) पुत्री त्रिलोक सिंह
2. प्रताप सिंह (40) पुत्र देव सिंह
3. भागीरथी देवी (36) पत्नी प्रताप सिंह
4. विजय (15) पुत्र प्रताप सिंह
5. मंजू (12) पुत्री प्रताप सिंह